समाचार-गढ़ 30 अगस्त, 2026।
राजस्थान में निकाय चुनाव के लिए टिकटों के बंटवारे को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को टिकट दिलाने की कोशिश में नेताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। कहीं चप्पल उठाकर मारने का इशारा किया गया, तो कहीं वरिष्ठ नेताओं के बीच गाली-गलौज तक पहुंच गई।
BJP में पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष आमने-सामने
भाजपा में करौली के प्रत्याशियों के पैनल को लेकर भरतपुर संभाग के चुनाव प्रभारी अशोक परनामी के आवास पर बैठक चल रही थी। इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव और जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन के बीच विवाद हो गया।
बहस इतनी बढ़ गई कि राजकुमारी जाटव ने जादौन की ओर चप्पल उठाकर मारने का इशारा किया। वहीं, जादौन ने अपने गले में भाजपा का दुपट्टा कस लिया। मौजूद नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
टिकट में पैसे लेने के आरोप
विवाद के दौरान राजकुमारी जाटव की ओर से दिए गए प्रत्याशियों के पैनल पर जादौन ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पैनल में शामिल कुछ लोगों से लाखों रुपये लिए गए हैं और पुराने व सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम काट दिए गए हैं।
जाटव ने भी जादौन पर रुपये लेकर दावेदारों का पैनल तैयार करने का आरोप लगाया। दोनों नेताओं के बीच इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
कांग्रेस वॉर रूम में भी भिड़े नेता
उधर कांग्रेस में भी टिकटों को लेकर बैठक के दौरान विवाद हो गया। भीलवाड़ा से आए पूर्व मंत्री रामलाल जाट और धीरज गुर्जर के बीच तीखी बहस हुई और दोनों ने एक-दूसरे को खरी-खोटी सुनाई।
रामलाल जाट ने धीरज गुर्जर को गुंडा तक कह दिया। मामला बढ़ने पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीच-बचाव कर दोनों नेताओं को शांत कराया।
टिकट बंटवारे से पहले दोनों प्रमुख दलों में सामने आई यह खींचतान अब चुनावी तैयारियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।









