समाचार गढ़ 19 नवंबर 2026।
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के प्रदर्शनों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। चट्टोग्राम में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आगजनी की घटना के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी समूह बताते हुए कहा कि इस संगठन को दोबारा सिर उठाने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए।
दरअसल, बांग्लादेश में बीते कई दिनों से अवामी लीग के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। गोपालगंज से शुरू हुआ विरोध अब दूसरे इलाकों तक पहुंच गया है। इस दौरान कई जगहों पर हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच बुधवार रात चट्टोग्राम के पंचलाइश इलाके में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को निशाना बनाया गया।
यूनुस के घर की निचली मंजिल में लगाई आग
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार रात कुछ लोगों ने यूनुस के पैतृक घर की निचली मंजिल में आग लगा दी। पंचलाइश पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने बताया कि घर के आसपास पुलिस की नियमित गश्त थी, इसके बावजूद कुछ लोग वहां पहुंच गए।
पुलिसकर्मियों ने घर के एक खाली कमरे में आग देखी और अंदर जाकर उसे बुझाया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
तारिक रहमान बोले- अवामी लीग राजनीतिक दल नहीं, आतंकवादी समूह
घटना के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने संसद में अवामी लीग के खिलाफ कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अवामी लीग कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक आतंकवादी समूह है। पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध होने के बावजूद उसके कार्यकर्ता हिंसा और अशांति फैलाने में जुटे हैं।
तारिक रहमान ने कहा कि इस समूह को दोबारा सिर उठाने से पहले ही रोकना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवामी लीग ने देश और विदेश में अपनी गतिविधियों से बार-बार साबित किया है कि उसके खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने 2024 के आंदोलन की भावना का हवाला देते हुए कहा कि इस संगठन को दोबारा पनपने नहीं दिया जाएगा।
शेख हसीना के समर्थकों के प्रदर्शनों से बढ़ा तनाव
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगी हुई है। इसके बावजूद पार्टी के कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते रविवार को शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में पार्टी के कार्यकर्ताओं और छात्र संगठन ने जुलूस और रैली निकाली थी।
इसके बाद कई इलाकों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं और हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं।
तारिक रहमान ने लगाए साजिश के आरोप
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने और संसदीय चर्चाओं के जरिए नए बांग्लादेश के निर्माण की दिशा में काम कर रही है। वहीं, उनके मुताबिक सत्ता से बेदखल हुए फासीवादी तत्व देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
यूनुस के घर में आगजनी और अवामी लीग के प्रदर्शनों के बाद बांग्लादेश में सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं। अब देखना होगा कि सरकार इन घटनाओं पर क्या कार्रवाई करती है और देश में राजनीतिक स्थिरता कायम करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।







