समाचार गढ़ 29 नवंबर 2026।
राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाके में खेत की बिजाई के दौरान ऐसी चीज मिली, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। दरअसल, एक खेत में जमीन के नीचे दबा संदिग्ध पैकेट मिला। जब पुलिस ने उसे खोलकर जांच की तो उसमें 735 ग्राम हेरोइन निकली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप कई महीने पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई थी।
बिजाई के दौरान नजर आया संदिग्ध पैकेट
मामला श्रीगंगानगर जिले के भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सुजावलपुर इलाके का है। हिन्दुमलकोट थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चक आठ बी में केदार के खेत में बिजाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन में दबा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पैकेट की जांच की। जांच में उसके अंदर 735 ग्राम हेरोइन मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि पैकेट काफी पुराना था।
5 से 6 महीने पहले ड्रोन से गिराई गई थी खेप?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तस्करों ने करीब पांच से छह महीने पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए यह खेप खेत में गिराई थी। संभव है कि खेप को लेने के लिए कोई तस्कर मौके पर नहीं पहुंचा और पैकेट लंबे समय तक जमीन में दबा रहा। अब खेत में बिजाई के दौरान इसका खुलासा हुआ है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में हिन्दुमलकोट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जांच सीआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप किसने गिराई थी और इसे लेने कौन आने वाला था। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीमा से सटे खेत में इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि यह खेप किस तस्करी नेटवर्क से जुड़ी थी और इतने महीनों तक खेत में कैसे दबी रही।







