Nature Nature

2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाइयों को पीछे छोड़ने का अनुमान; प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में बड़ा दावा

Nature

समाचार गढ़ 19 नवंबर 2026।

दुनिया में धार्मिक आबादी का समीकरण आने वाले वर्षों में बदल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक मुसलमानों की आबादी ईसाइयों से अधिक हो सकती है। ऐसा हुआ तो इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा। रिपोर्ट में इसकी सबसे बड़ी वजह मुस्लिम महिलाओं की अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर बताई गई है।

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, इस्लाम और ईसाई धर्म दोनों का विस्तार हो रहा है, लेकिन मुस्लिम आबादी बढ़ने की रफ्तार काफी तेज है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। वहीं, 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब पहुंचने का अनुमान है।

बच्चों की अधिक संख्या बन रही आबादी बढ़ने की वजह

रिपोर्ट में बताया गया है कि मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ने के पीछे सबसे प्रमुख कारण प्रजनन दर है। 2020 से 2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही। वहीं, ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों की महिलाओं में 1.6 बच्चे रहा।

प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनरॉड हैकेट के मुताबिक, धर्म परिवर्तन की तुलना में जन्म दर धार्मिक आबादी में बदलाव का कहीं बड़ा कारण है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम माताओं से करीब 25.2 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ, जबकि ईसाई माताओं से जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या 20.8 करोड़ रही।

2070 तक 3.6 अरब से ज्यादा हो सकती है मुस्लिम आबादी

प्यू के अनुमानों के मुताबिक, अगर मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की आबादी 3 अरब से कुछ कम रहने का अनुमान है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में करीब 29 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है। इस दौरान मुस्लिम आबादी में 80 प्रतिशत और ईसाई आबादी में 30 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। वहीं, हिंदुओं और यहूदियों की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घट सकती है। बौद्ध आबादी की संख्या और हिस्सेदारी दोनों में कमी आने का अनुमान है।

भारत में सबसे ज्यादा हो सकती है मुस्लिम आबादी

रिपोर्ट के अनुसार, 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान रहने का अनुमान है। फिलहाल इंडोनेशिया में दुनिया के सबसे अधिक मुसलमान रहते हैं।

अमेरिका और यूरोप में भी बदलेगा धार्मिक समीकरण

प्यू रिसर्च के अनुमानों में अमेरिका और यूरोप की धार्मिक आबादी में भी बड़े बदलाव की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में फिलहाल करीब 62 प्रतिशत आबादी ईसाई है। हालांकि, 2065 तक यह हिस्सेदारी घटकर 50 प्रतिशत से नीचे जा सकती है।

अमेरिका में ईसाइयों की संख्या 2020 में करीब 21.7 करोड़ थी, जो 2070 तक घटकर 17.4 करोड़ रहने का अनुमान है। वहीं, यूरोप में 2070 तक कुल आबादी में 17 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। यहां ईसाइयों की संख्या करीब 50.5 करोड़ से घटकर 32.4 करोड़ रह सकती है। दूसरी ओर, यूरोप की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत होने का अनुमान है।

कई देशों में धर्म से दूरी बनाने वालों की संख्या भी बढ़ी

रिपोर्ट में एक और अहम बदलाव का जिक्र किया गया है। दुनिया के कई देशों में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है, जो खुद को नास्तिक, अज्ञेयवादी या किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम समेत 10 देशों में ऐसे लोग पहले ही बहुमत में हैं।

प्यू के मुताबिक, मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक दक्षिण कोरिया, फ्रांस और ब्रिटेन भी उन देशों में शामिल हो सकते हैं, जहां बिना धार्मिक जुड़ाव वाले लोगों की संख्या बहुमत में होगी।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बदलते धार्मिक जनसांख्यिकीय समीकरणों के बीच ईसाई और मुस्लिम समुदायों के संबंध आने वाले समय में महत्वपूर्ण होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक समुदायों के बीच मौजूद गलतफहमियां और सभ्यताओं के टकराव जैसी धारणाएं भी इस बदलाव के साथ चर्चा का विषय बन सकती हैं।

  • Related Posts

    बाबा श्याम के भक्तों के लिए रेलवे का बड़ा प्लान! अब 3 स्टेशनों से पहुंचेंगे खाटूधाम

    समाचार गढ़ 19 नवंबर 2026। बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अब रींगस स्टेशन के अलावा दो अन्य स्टेशनों से भी…

    मस्जिद में छिपा लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर, सरेंडर से किया इनकार; 15 लाख का था इनाम

    समाचार गढ़ 18 नवंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि लतीफ…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    बाबा श्याम के भक्तों के लिए रेलवे का बड़ा प्लान! अब 3 स्टेशनों से पहुंचेंगे खाटूधाम

    बाबा श्याम के भक्तों के लिए रेलवे का बड़ा प्लान! अब 3 स्टेशनों से पहुंचेंगे खाटूधाम

    2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाइयों को पीछे छोड़ने का अनुमान; प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में बड़ा दावा

    2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाइयों को पीछे छोड़ने का अनुमान; प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में बड़ा दावा

    मस्जिद में छिपा लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर, सरेंडर से किया इनकार; 15 लाख का था इनाम

    मस्जिद में छिपा लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर, सरेंडर से किया इनकार; 15 लाख का था इनाम

    कुलगाम में फिर गूंजी गोलियों की आवाज, आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू; इलाके की घेराबंदी

    कुलगाम में फिर गूंजी गोलियों की आवाज, आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू; इलाके की घेराबंदी

    बॉर्डर पर ड्रोन तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन, 28 पाकिस्तानी हैंडलर नामजद; मददगारों की जमीन होगी जब्त!

    बॉर्डर पर ड्रोन तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन, 28 पाकिस्तानी हैंडलर नामजद; मददगारों की जमीन होगी जब्त!

    एक अनजान लिंक और खाते से 1.30 लाख साफ! बच्चों के मोबाइल से जुड़ा साइबर ठगी का मामला

    एक अनजान लिंक और खाते से 1.30 लाख साफ! बच्चों के मोबाइल से जुड़ा साइबर ठगी का मामला
    Social Media Buttons
    error: Content is protected !!
    Verified by MonsterInsights