समाचार-गढ़ 1 अक्टूबर, 2026।
Russia Job Advisory: रूस में नौकरी के अवसर तलाश रहे भारतीय नागरिकों के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) ने नई एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने लोगों को बिना पुष्टि वाले व्यक्तियों या एजेंटों के जरिए मिलने वाले नौकरी के ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी है। खास तौर पर रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती होने के जोखिम को लेकर सरकार ने गंभीर चेतावनी दी है।
पैसे के लालच में रूसी सेना में शामिल होने से बचें
MEA ने कहा है कि सरकार को ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां लोग आर्थिक लाभ की उम्मीद में रूसी सशस्त्र बलों में शामिल होने के ऑफर तलाश रहे हैं। कुछ लोगों को यह उम्मीद भी थी कि बाद में भारत सरकार के हस्तक्षेप से उन्हें रूसी सेना से रिहाई मिल जाएगी।
मंत्रालय ने साफ किया है कि यह बेहद जोखिम भरा रास्ता है और सरकार ऐसे कदम को दृढ़ता से हतोत्साहित करती है। एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से अपनी जान को जोखिम में डालने वाले ऐसे फैसलों की गंभीरता समझने को कहा गया है।
नौकरी का ऑफर मिले तो पहले पूरी जांच करें
विदेश में नौकरी तलाशने वाले भारतीयों को MEA ने सलाह दी है कि किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करें। खासकर ऐसे एजेंट या संस्थाएं जो आधिकारिक तौर पर रजिस्टर्ड नहीं हैं, उनके जरिए मिलने वाले ऑफर को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
MEA ने यह भी बताया कि विदेशी नागरिकों की रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए गैर-सार्वजनिक संस्थाओं और स्वयंसेवी समूहों के जरिए भी गतिविधियां सामने आई हैं। ऐसे में किसी ऑफर को सिर्फ पैसे या आकर्षक शर्तों के आधार पर स्वीकार न करने की सलाह दी गई है।
भारत सरकार रूस के संपर्क में
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार रूसी पक्ष के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि रूसी सशस्त्र बलों में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, कल्याण और जल्द रिहाई सुनिश्चित की जा सके।
इससे पहले भी भारत सरकार भारतीय नागरिकों को रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े सैन्य भर्ती ऑफर से दूर रहने की सलाह देती रही है। जुलाई 2026 में MEA ने बताया था कि 139 भारतीय नागरिकों को रूसी सेना से रिहा कराया जा चुका है, जबकि करीब दो दर्जन मामलों में वापसी के प्रयास जारी थे।
विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी से भी रहें सावधान
MEA की सामान्य विदेश रोजगार संबंधी गाइडलाइन भी कहती है कि नौकरी के लिए विदेश जाने वाले लोगों को भर्ती एजेंट की विश्वसनीयता और रजिस्ट्रेशन की जांच करनी चाहिए। मंत्रालय नौकरी के ऑफर, रोजगार अनुबंध और विदेशी नियोक्ता की जानकारी को सत्यापित करने की सलाह देता है।
रूस से जुड़ी ताजा एडवाइजरी का संदेश भी यही है कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में ऐसा कोई ऑफर स्वीकार न करें, जिसमें रूसी सैन्य सेवा से जुड़ने का जोखिम हो।








