श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल को मिला नया डॉक्टर, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं की जंग अब भी जारी
समाचार गढ़, 10 जुलाई 2025। श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं लगातार डॉक्टरों की कमी से जूझ रही हैं। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में प्रदेशभर के अस्पतालों में 98 डॉक्टरों की नियुक्ति की गई, जिसमें श्रीडूंगरगढ़ को भी एक राहत मिली है। यहां डॉ. ताराचंद को त्वचा रोग विशेषज्ञ (स्किन वीडी) के रूप में नियुक्त किया गया है। इससे पहले डॉ. साहिल खान की भी नियुक्ति की गई थी, जो वर्तमान में सेवाएं दे रहे हैं।
हालांकि, अस्पताल की समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। बड़ी संख्या में डॉक्टर अभी भी डेपुटेशन पर बाहर कार्यरत हैं, जिनमें डॉ. कौशल्या स्वामी, डॉ. प्रियंका बिश्नोई सहित कई अन्य शामिल हैं। ये चिकित्सक लंबे समय से श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल से अनुपस्थित हैं, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि डेपुटेशन पर चल रहे डॉक्टरों को शीघ्र ही रिलीव कर श्रीडूंगरगढ़ में सेवाएं देने के लिए भेजा जाए, तो अस्पताल की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार संभव है। फिलहाल एक ओर नए डॉक्टर की नियुक्ति उम्मीद जगाती है, वहीं दूसरी ओर संसाधनों की अधूरी तस्वीर अब भी चिंता का कारण बनी हुई है।




















