समाचार-गढ़ 19 सितंबर, 2026।
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने CNN, MS NOW और Politico को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित करने की घोषणा की है। ट्रंप ने इन मीडिया संस्थानों पर उनके और उनके प्रशासन को लेकर “फेक न्यूज” और झूठी खबरें प्रकाशित या प्रसारित करने का आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा कि ऐसे मीडिया संस्थानों को राष्ट्रपति, प्रशासन या अमेरिका को कवर करते समय “काल्पनिक बातें और झूठ” नहीं फैलाने चाहिए।
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि CNN, MS NOW और Politico पर कार्रवाई तत्काल प्रभाव से होगी और साथ ही संकेत दिया कि आने वाले समय में दूसरे मीडिया संस्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
ट्रंप ने क्यों लिया यह फैसला?
ट्रंप ने अपने पोस्ट में तीनों मीडिया संस्थानों को “Fake News” बताते हुए आरोप लगाया कि वे लगातार उनके खिलाफ नकारात्मक और झूठी खबरें प्रकाशित कर रहे हैं। उन्होंने खास तौर पर Politico को लेकर भी सवाल उठाया और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में सरकारी एजेंसियों द्वारा Politico की सदस्यता पर खर्च किए गए करीब 80 लाख डॉलर का मुद्दा उठाया।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भी कहा कि उन्हें लगता है कि इन संस्थानों की रिपोर्टिंग “फेक न्यूज” है और अमेरिका को “ईमानदार खबरों” की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि अन्य मीडिया संस्थान भी भविष्य में इस सूची में शामिल हो सकते हैं।
बैन का दायरा अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं
ट्रंप ने “तत्काल प्रभाव से” बैन की घोषणा जरूर की, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों में यह स्पष्ट नहीं था कि इसे प्रशासन किस तरह लागू करेगा। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक घोषणा के बाद भी CNN के पत्रकार व्हाइट हाउस में अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसलिए बैन के वास्तविक दायरे और इसके लागू होने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट होना बाकी है।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन ने किया विरोध
ट्रंप के ऐलान पर White House Correspondents’ Association (WHCA) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। WHCA की अध्यक्ष जैकी हेनरिक ने कहा कि संविधान प्रेस की स्वतंत्रता को सरकारी हस्तक्षेप से सुरक्षा देता है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा इस बात पर निर्भर नहीं करती कि राष्ट्रपति किसी समाचार संगठन की कवरेज या रिपोर्टिंग से सहमत हैं या नहीं।
WHCA ने CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों के समर्थन में कहा कि वे अपना काम कर रहे हैं और अमेरिकी जनता को राष्ट्रपति तथा सरकार की गतिविधियों, नीतियों और फैसलों की स्वतंत्र जानकारी मिलना जरूरी है।
CNN और Politico का भी जवाब
CNN ने कहा कि वह अपने व्हाइट हाउस कवरेज पर कायम है और अमेरिकी संविधान के तहत बिना सरकारी हस्तक्षेप के रिपोर्टिंग करने का अधिकार रखता है। Politico ने भी कहा कि वह मौजूदा और भविष्य की सरकारों की रिपोर्टिंग जारी रखेगा और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करेगा।
ट्रंप और अमेरिकी मीडिया संस्थानों के बीच यह टकराव ऐसे समय में सामने आया है जब व्हाइट हाउस की प्रेस कवरेज और पत्रकारों की पहुंच को लेकर पहले से विवाद चल रहे हैं। अब इस फैसले का वास्तविक असर क्या होगा और क्या इसे कानूनी चुनौती दी जाएगी, इस पर आगे की स्थिति महत्वपूर्ण होगी।








