श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में खुलेंगे 2 अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मिली स्वीकृति
समाचार-गढ़, 17 अगस्त, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया की अनुशंसा पर क्षेत्र के दो विद्यालयों को महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में रूपान्तरित करने की स्वीकृति मिली है। जिससे इन क्षेत्रों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा ग्रहण करना सुलभ होगा।
विधायक महिया ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीडूंगरगढ़ शहर के कालूबास के पारासर मंदिर के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम में रूपान्तरित करवाया गया है। इसके साथ ही टेऊ गांव के राप्रावि इन्दिरा कॉलोनी को अंग्रेजी माध्यम में रूपान्तरित करवाया है। इन क्षेत्र के अभिभावकों द्वारा लंबे समय से अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खुलवाने की मांग की जा रही थी। विधायक महिया ने बताया कि क्षेत्र के अनेक गांवों से प्राप्त मांगपत्रों के आधार पर आगामी समय में भी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खुलवाने के प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन है।




















