बसंत पंचमी पर लर्न एंड फन स्कूल में हवन-पूजन व पाठ, 27 नए प्रवेश, 1 तारीख तक विशेष छूट
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज लर्न एंड फन स्कूल परिसर में विधिवत हवन, पूजा-पाठ का आयोजन कर शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्या विनीता सारस्वत के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित हवन में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ हवन में आहुतियाँ दीं तथा पुष्पांजलि अर्पित कर मां सरस्वती से ज्ञान, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस धार्मिक एवं संस्कारपूर्ण आयोजन में अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बच्चों की भागीदारी, अनुशासन और आत्मविश्वास को देखकर अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक व सांस्कृतिक वातावरण की सराहना की। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी उत्साहजनक रही। सुबह से प्ले ग्रुप से लेकर यूकेजी तक कुल 27 नए विद्यार्थियों का प्रवेश किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि आज जिन विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ, उनसे केवल आधी फीस ही ली गई। साथ ही बताया गया कि यह विशेष प्रवेश छूट का ऑफर 1 तारीख तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया, वहीं विद्यालय की ओर से बच्चों को भेंटस्वरूप शिक्षण सामग्री भी प्रदान की गई।

सरस्वती विद्या मंदिर में बसंत पंचमी पर सरस्वती की आराधना की और सुंदरकांड का किया पाठ
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के तोलियासर गाँव की सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में भी बसंत पंचमी पर्व बड़ी धूम धाम से मनाया गया। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक सरस्वती की आराधना की ओर सुंदरकांड का पाठ भी किया। संस्थाप्रधान पवन कुमार व्यास ने बच्चों को बसंत पंचमी पर्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान स्टाफ सहित की वरिष्ठ शिक्षक उमेश कुमार व्यास ने दीप प्रज्वलित कर के कार्यक्रम की शुरुआत की। सुंदरकांड मंडली देवेश शर्मा और पवन कुमार व्यास एण्ड पार्टी ने किया।












