विदेश भेजने के नाम पर 2 लाख की ठगी, युवक 3 साल से न्याय का इंतजार कर रहा
समाचार गढ़ 3 मई 2026। सीकर जिले के जीणमाता थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित युवक पिछले तीन साल से अपने पैसे वापस पाने के लिए परेशान है, लेकिन आरोपी न तो उसे विदेश भेज पाया और न ही रकम लौटाई।
नौकरी का झांसा देकर ऐंठे रुपए, फिर किया किनारा
मांडोता गांव निवासी गोपालराम बुरड़क ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि साल 2023 में बेरोजगारी के दौरान उसकी मुलाकात झुंझुनूं निवासी कैलाश मीणा से हुई थी। कैलाश ने खुद को विदेश में नौकरी दिलाने वाला एजेंट बताया और गोपालराम को इटली में अच्छी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
झांसे में आकर गोपालराम ने आरोपी को 2 लाख रुपए दे दिए। आरोपी ने दो महीने में विदेश भेजने का वादा किया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क किया, तो आरोपी ने समय मांग लिया और बाद में पैसे ब्याज सहित लौटाने की बात कही।
पीड़ित का आरोप है कि पिछले तीन साल से आरोपी उससे नहीं मिला और हाल ही में 23 अप्रैल को फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं की। फिलहाल जीणमाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














