जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन 33वें दिन भी जारी, संसद मार्च हिंसा मामले में 10 FIR दर्ज
समाचार गढ़। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन बुधवार को 33वें दिन भी जारी रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर एकत्रित हुए। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में घायल हुए थे। उस दिन प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे।
वहीं, संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने इस मामले में कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें संसद मार्ग थाने में चार, कनॉट प्लेस थाने में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर हमला करने, पथराव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच जारी है और संबंधित घटनाओं के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इस बीच, आंदोलन से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मंगलवार देर रात गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की। सोनम वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं। उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था, जहां उनका उपचार जारी है।
केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात करने का आदेश दिया है। एक CRPF कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं।









