समाचार गढ़, 4 अक्टूबर 2025। राजस्थान में आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने बताया है कि 5 से 6 अक्टूबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बन रही है।
5 अक्टूबर को जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज होने की संभावना जताई गई है। बीकानेर संभाग और शेखावाटी में कुछ इलाकों में बारिश का दौर तेज रह सकता है।
🌩️ इन जिलों में दिखेगा असर
5 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 6 अक्टूबर को यह सिस्टम राज्य के अधिकांश हिस्सों को प्रभावित करेगा — जिनमें जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के इलाके शामिल हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है।
जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर के पूर्वी भागों में यह गतिविधियां 7 अक्टूबर तक जारी रह सकती हैं। इसके बाद 8 अक्टूबर से अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
🌾 किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे तैयार खरीफ फसलों को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम करें। खुले में रखे अनाज और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही, रबी फसलों की बुआई की तैयारी करते समय अगले कुछ दिनों के मौसम अलर्ट पर नजर बनाए रखें।











