समाचार गढ़, 4 सितंबर 2025, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ के बिग्गाबास वार्ड 24 के निवासियों को जितना डर भारी बारिश से नहीं लगता उससे ज्यादा बरसात के बाद के नजारे से लगता है। यहां पांच दिन पूर्व रविवार को बारिश हुई थी लेकिन पानी निकासी आज भी नहीं हो पाई है।
पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी ने बताया कि इस बारहमासी समस्या के निदान के लिए बार बार नगरपालिका को अवगत कराया जा रहा है लेकिन कोई स्थाई समाधान नहीं हो रहा है।
इस वार्ड में पांच निजी व एक सरकारी स्कूल है और इनके विद्यार्थियों को मजबूरन इस गंदले पानी में से होकर गुजरना पड़ रहा है।वार्ड के सभी चैम्बर जाम है और चारों ओर गंदगी का आलम बना हुआ है।वार्ड के पार्षद ने तो गत साढ़े चार साल से यहां की स्थिति का अवलोकन करना भी उचित नहीं समझा।आखिर वार्ड 24 के निवासियों की व्यथा सुनेगा कौन ? यह सवाल ही बना हुआ है।











