समाचार गढ़, बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने बीकानेर में आयोजित संभाग स्तरीय परिचयात्मक बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने, बूथ समितियों की सक्रियता तथा पार्टी की रीति-नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी मिथिलेश गौतम ने कहा कि यह सामान्य परिचयात्मक बैठक है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के छह संभागों में इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और कल जयपुर संभाग की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने की यह एक सतत प्रक्रिया है।
शिक्षकों के तबादलों को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मिथिलेश गौतम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वयं शिक्षकों से पूछ चुके थे कि क्या तबादलों में पैसे लगते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है और तबादलों की प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, विधायक गुरवीर सिंह, हरलाल सहारण, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, पूर्व जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित विभिन्न जिलों के प्रभारी, सहप्रभारी और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।









