समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़, 18 जून 2025। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र कालुबास से जुड़े कालु लिंक रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से आक्रोशित होकर वार्ड 3 के पार्षद संतोष बोहरा ने डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कालु रोड, जो कि स्टेट हाईवे से जुड़ा हुआ है, रिहायशी क्षेत्र के बीच से गुजरता है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से आमजन को रोजाना खतरे का सामना करना पड़ता है। वहीं क्षेत्र की प्रमुख गलियों का सीधा जुड़ाव इस हाईवे से होने के कारण हादसे की संभावना हर समय बनी ही रहती है।
इस सड़क के किनारे एक निजी स्कूल और कॉलेज भी संचालित है, जहां रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। पिछले 2-3 वर्षों में इस सड़क पर 8 से 10 जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई परिवारों ने अपनों को खोया है।
पार्षद बोहरा ने ज्ञापन में बताया कि हाल ही में सड़क के पुनर्निर्माण के बाद वाहनों की गति और अधिक बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ गई है। उन्होंने उपखंड अधिकारी से मांग की है कि डैनैज से करणी नगर तक कम से कम तीन स्थानों पर डिवाइडर का निर्माण कराया जाए, जिससे ट्रैफिक नियंत्रित हो सके और हादसों पर अंकुश लगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह डिवाइडर न केवल जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे बल्कि यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएंगे। प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा जताई जा रही है।











