
वीर बिग्गाजी महाराज के दर्शन करने गई महिला के गले से सोने के फुलडे़ हुए गायब
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सबसे बड़े आयोजन श्री वीर बिग्गाजी महाराज के मूर्ति स्थापना महोत्सव में बिगगाजी महाराज के दर्शन करने गई महिला के गले चार सोने के फुलडे़ रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए। महिला के पुत्र बजरंगदास स्वामी निवासी सातलेरा ने समाचार गढ़ को बताया है कि उसकी बुजुर्ग माता फुसीदेवी गांव की महिलाओं के साथ वीर बिग्गाजी महाराज के धड़ देवली धाम पर धोक लगाने के लिए गई । मां के गले में चार सोने के फुलडे़ पहने हुए थे। धोक लगाने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात ने उसकी मां के गले से सोने के फुलडे़ पार कर लिए। कुछ देर बाद ही जब मां ने फुलडे़ संभाले तो गायब मिले। स्वामी ने बताया कि मां सहित मां के साथ दर्शन करने गई महिलाओं द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। फुलडे़ गायब होने के बाद महिला काफी परेशान हैं।
गौरतलब कि आसोज माह में लगने वाले मेले में भी इसी गांव की महिला रामप्यारी देवी जाखड़ के गले से भी सोने के दस फुलडे़ अज्ञात महिला चोर ने पार कर लिए थे जिसकी रिपोर्ट भी महिला के पुत्र द्वारा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
वहीं मंदिर परिसर में फुलडे़ गायब होने के बाद मंदिर कमेटी द्वारा भी खोजबीन की जा रही है।