सुरजनसर में लोकदेवता तेजाजी का जन्म उत्सव श्रद्धा व उत्साह से मनाया गया
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान के लोकदेवता एवं वीर शिरोमणि तेजाजी के जन्म उत्सव के अवसर पर गांव सुरजनसर में ग्रामीण युवाओं द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजन किया गया। शनिवार रात तेजाजी महाराज के जन्म उत्सव पर केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसे बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
गाँव के युवाओ ने बताया कि लोकदेवता तेजाजी सत्य, वचनबद्धता और वीरता के प्रतीक माने जाते हैं। जनमान्यता के अनुसार उन्होंने अपने वचन की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दी, इसी कारण आज भी तेजाजी किसानों और ग्रामीण समाज के आराध्य देव के रूप में पूजे जाते हैं। नागों के देवता के रूप में भी तेजाजी की विशेष आस्था है।
जन्म उत्सव कार्यक्रम में गांव के किसान साथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर नारायण डूडी, भोजाराम डूडी, भागूराम डूडी, रामपाल डूडी, सुशील डूडी, मुखराम डूडी, सुभाष डूडी एवं कालूराम डूडी सहित अनेक युवा ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान तेजाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन किया गया।











