नाथद्वारा पाटोत्सव सम्पन्न
साहित्यकार रवि पुरोहित को डॉ. के. आर. कल्याण रामन राष्ट्रीय सम्मान
साहित्य मण्डल ने साहित्य विभूषण की मानद उपाधि से किया अलंकृत।
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। साहित्यिक गतिविधियों एवं आयोजनों के लिए प्रख्यात साहित्य मंडल, नाथद्वारा द्वारा श्रीनाथजी के पाटोत्सव के अवसर पर श्री भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में बीकानेर के साहित्यकार रवि पुरोहित को डॉ. के. आर. कल्याण रामन राष्ट्रीय सम्मान से समादृत किया गया। संस्था के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा ने बताया कि सम्मेलन के नवम सत्र में साहित्य मंडल, नाथद्वारा का वर्ष 2026 का यह राष्ट्रीय सम्मान सामाजिक, साहित्यिक, शोधात्मक एवं सम्पादित विशिष्ट सेवाओं एवं उपलब्धियों के आधार पर पुरोहित को प्रदान किया गया।
इंटरनेशनल पोइटिक प्रोजेक्ट पॉलेण्ड में वर्ष 2017-18 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके साहित्यकार पुरोहित इससे पूर्व भी साहित्य अकादमी, दिल्ली, राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर, राजस्थान सरकार, अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन, कोलकाता, रोटरी क्लब, बीकानेर, हिन्दी साहित्य संसद, चूरू, महेन्द्र जाजोदिया पुरस्कार, दिल्ली सहित देश-विदेश की अनेक संस्थाओं से समादृत हो चुके हैं।
इस अवसर पर डॉ. चेतन स्वामी, श्रीडूंगरगढ़ को ब्रज कांत साहित्य सम्मान, एम. श्रीधर, तमिलनाडू को कमलादेवी अग्निहोत्री स्मृति सम्मान, रमेश पंडित, आगरा को पं. विश्वम्भर दयाल दौनेरिया सम्मान, विश्वनाथ तंवर, सरदारशहर को श्रीमती शारदा देवी स्मृति सम्मान से नवाजा गया।
पं. भीष्मदेव राजपुरोहित स्मृति शिक्षा साहित्य सम्मान की घोषणा।
साहित्यकार रवि पुरोहित ने अपने शिक्षाविद-साहित्यकार पितामह पं. भीष्मदेव राजपुरोहित की स्मृति में साहित्य मंडल के माध्यम से नए शिक्षा साहित्य सम्मान की घोषणा की।













