नन्हे बच्चों ने खेल-खेल में जाना गणित का महत्व
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। जयपुर पब्लिक स्कूल श्रीडूंगरगढ़ में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने गणित विषय से जुड़ी अनेक रोचक प्रतियोगिताओं व गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गणित से संबंधित विभिन्न खेलों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से यह सीखा कि गणित किस प्रकार हमारे दैनिक जीवन को सरल और व्यवस्थित बनाता है। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे विद्यालय परिसर को जीवंत बना दिया।
विद्यालय निदेशक कुम्भाराम घिंटाला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने संख्याओं की दुनिया और गणित विषय के सामाजिक व व्यावहारिक जीवन में महत्व को सरल शब्दों में समझाते हुए विद्यार्थियों को गणित के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति भय को दूर कर उसे आनंददायक विषय के रूप में प्रस्तुत करना रहा, जिसमें विद्यालय पूर्ण रूप से सफल रहा।












