समाचार गढ़ 30 अक्टूबर 2026।
Rajasthan News: राजस्थान के जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गुरुवार दोपहर एक खेत में बम गिरने से जोरदार धमाका हो गया। घटना मोहनगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहां करीब दोपहर 1 बजे हुए विस्फोट से खेत में लगभग दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
ट्रैक्टर से खेत में काम कर रहा था किसान
घटना के समय किसान द्वारकाराम अपने खेत में ट्रैक्टर से काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान उनका मोबाइल खेत में कहीं गिर गया। वे ट्रैक्टर से उतरकर मोबाइल तलाश रहे थे, तभी अचानक खेत में बम गिरा और जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि खेत में गहरा गड्ढा बन गया।
पोकरण फायरिंग रेंज से महज 7 KM दूर है खेत
जिस खेत में बम गिरा, वह सेना की पोकरण फायरिंग रेंज से करीब सात किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। इस रेंज में सेना के जवान नियमित रूप से सैन्य अभ्यास और फायरिंग करते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अभ्यास के दौरान निशाना चूकने से बम खेत में आ गिरा होगा।
पुलिस और सेना ने संभाला मोर्चा
धमाके की सूचना मिलने पर पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, बम कहां से आया और खेत में कैसे गिरा, इसे लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में गिरा बम सैन्य अभ्यास के दौरान आया था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।








