समाचार गढ़ 30 अक्टूबर 2026।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आम नागरिकों पर हमले का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बाग जिले के पांडी गांव में एक रिहायशी मकान को कथित तौर पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने निशाना बनाया। इस हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 17-18 साल की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घर में हुए जोरदार धमाके के कारण परिवार के चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि हमला ग्रेनेड या ड्रोन के जरिए किया गया था। हालांकि, फिलहाल हमले के सटीक कारण और तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान शाजिया शकदार (40-42 वर्ष), उनकी करीब 80 वर्षीय सास और उनके दो बच्चों हारिस शकदार (11 वर्ष) और मलाइका शकदार (8 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, परिवार की एक अन्य सदस्य अनीका शकदार (17-18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले जिला मुख्यालय अस्पताल बाग ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते बेहतर जांच और इलाज के लिए मुजफ्फराबाद रेफर कर दिया गया।
विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ा है मामला?
जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी (JKJAAC) के प्रमुख सदस्य आबिद शाहीन ने घटना की निंदा की है। उन्होंने बताया कि इलाके में जैमर लगे होने के कारण मोबाइल सेवाएं बंद हैं, जिससे घटना की पूरी जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी स्पष्ट नहीं है कि मकान पर ड्रोन से हमला हुआ या ग्रेनेड फेंका गया।
आबिद शाहीन के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी है और स्थानीय महिलाओं के विरोध के चलते पहले भी सुरक्षा बलों को पीछे हटना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि घायल अनीका भी पहले विरोध-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में घायल हो चुकी थीं।
इस घटना ने पीओके में आम नागरिकों की सुरक्षा और सुरक्षा बलों के खिलाफ स्थानीय लोगों के विरोध को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हमले की जिम्मेदारी और परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।








