समाचार-गढ़ 26 अगस्त, 2026।
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने पाली नगर निगम और सीकर जिले की फतेहपुर नगर परिषद में मतदान की तारीखों में बदलाव किया है। धार्मिक आयोजनों और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दोनों निकायों की वोटिंग तारीख आपस में बदल दी गई है।
पाली में 9 की जगह 11 सितंबर को मतदान
पाली नगर निगम में जैन समाज के प्रमुख पर्युषण पर्व के कारण 9 सितंबर को प्रस्तावित मतदान अब 11 सितंबर 2026 को होगा। स्थानीय जैन समाज और संगठनों ने धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मतदान में परेशानी की आशंका जताते हुए तारीख बदलने की मांग की थी। इसे देखते हुए आयोग ने मतदान को दूसरे चरण की तारीख 11 सितंबर पर कर दिया।
फतेहपुर में 11 की जगह 9 सितंबर को वोटिंग
सीकर जिले की फतेहपुर नगर परिषद में 11 सितंबर की जगह 9 सितंबर 2026 को मतदान होगा। दरअसल, भाद्रपद अमावस्या के मौके पर क्षेत्र के कुलदेवी मंदिरों और लोक देवताओं के स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इससे भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी।
14 सितंबर को ही होगी मतगणना
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ मतदान की तारीखों में बदलाव किया गया है। दोनों निकायों में मतगणना 14 सितंबर 2026 को ही संबंधित निकाय मुख्यालयों पर होगी।
तारीखों में बदलाव के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने नई मतदान तिथियों के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं।









